8 हिंदी दूर्वा


सागर यात्रा

टी सी एस चौधरी

प्रश्न 1: सागर यात्रा में नौका को सँभालने के लिए हर वक्त एक व्यक्ति की जरूरत थी, क्यों?

उत्तर: तृष्णा कोई स्वचालित नौका नहीं थी। इसका संचालन किसी आदमी को ही करना पड़ता था। इसलिए हर वक्त एक आदमी को नाव के रडर व्हील के पास होना पड़ता था।

प्रश्न 2: वे लोग समुद्र की यात्रा कर रहे थे। समुद्र यात्रा में भी उन्हें पानी की समस्या क्यों हुई?

उत्तर: समुद्र का पानी खारा होने की वजह से ना तो पीने लायक होता है ना ही नहाने लायक। ज्यादा खारेपन की वजह से साबुन भी उसमें बेअसर हो जाता है। इसलिए समुद्र के पानी से ना तो हम नहा सकते हैं, ना ही कपड़े धो सकते हैं। इसलिए लेखक और उसके साथियों को समुद्र यात्रा में पानी की समस्या हुई।

प्रश्न 3: समुद्री यात्रा में उन यात्रियों को कौन कौन से खतरों और परेशानियों का सामना करना पड़ा?

उत्तर: तृष्णा जैसी छोटी सी नाव में समुद्री यात्रा जानलेवा भी साबित हो सकती है। समुद्र में बड़े भयानक तूफान आते हैं, जो टाइटैनिक जैसे बड़े जहाज को भी ध्वस्त कर सकते हैं। तृष्णा का भी कई तूफानों से सामना हुआ। इसकी वजह से उनका रेडियों उपकरण टूट गया और पूरी दुनिया से उनका संपर्क टूट गया। रेडियो उपकरण नाविकों और पायलट को रास्ते की सही जानकारी देने में मदद करते हैं। उन्हें पानी की समस्या भी झेलनी पड़ी। इसके अलावा अपने परिवार और मानव सभ्यता से डेढ़ साल दूर रहना भी एक बुरा अनुभव रहा होगा।

प्रश्न 4: माँ के काम

(a) नौका पर ‘माँ’ की भूमिका निभाने वाला व्यक्ति कौन-कौन से काम करता था?

उत्तर: नौका पर ‘माँ’ की भूमिका निभाने वाला व्यक्ति कई काम करता था, जैसे कि खाना पकाना, बरतन धोना, शौचालय साफ करना, आदि।

(b) तुम्हारे विचार से उन कामों को माँ के कामों की उपमा क्यों दी गई होगी?

उत्तर: अधिकतर घरों में माँ ही खाना पकाने का काम करती हैं। बाकी कामों को वह महरी की सहायता से करती है। इसलिए उन कामों को माँ के कामों की उपमा दी गई होगी।

(c) क्या तुमने कभी किसी के लिए ‘माँ की भूमिका’ निभाई है? यदि हाँ, तो बताओ तब तुमने कौन-कौन से काम किए थे?

उत्तर: मैंने अपनी छोटी बहन के लिए खाना पकाया था, उसके बाल बनाये थे और उसे स्कूल के लिए तैयार किया था।

(d) वे काम क्यों और किसलिए किए थे?

उत्तर: ये काम मैने इसलिए किए थे कि दो चार दिनों के लिए मेरी माँ बीमार पड़ गईं थीं।

(e) तुम्हारी माँ या घर का अन्य कोई सदस्य सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक कौन-कौन से काम करता है? सूची बनाओ।

उत्तर: सुबह की चाय बनाना, नाश्ता तैयार करना, घर की साफ सफाई करना, सब्जी लाना, आदि।

प्रश्न 5: पानी की परेशानी
सागर के यात्रियों को पानी के कारण बहुत परेशानी होती थी। बताओ:

(a) उन्हें पानी के कारण क्या-क्या परेशानियाँ हुईं?

उत्तर: उन्हें नहाने के लिए पानी की किल्लत होती थी। कपड़े धोने में भी परेशानी होती थी। नौका में अत्यधिक पानी भर जाने से भी परेशानी होती थी।

(b) क्या तुम्हारे आसपास भी पानी की समस्या होती है, उसके बारे में बताओ।

उत्तर: मेरे मोहल्ले में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या हो जाती है। इससे लोगों का चलना फिरना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार गाड़ियों के इंजन बंद हो जाते हैं, जिससे लंबा जाम लग जाता है।

(c) उस समस्या का समाधान कैसे किया जा सकता है?

उत्तर: बरसात से पहले यदि नालियों की सफाई सही से हो जाये तो जल जमाव से मुक्ति मिल सकती है। इसके अलावा अतिक्रमण को भी हटाने की जरूरत है। हमें यह भी ध्यान देना होगा कि प्लास्टिक कचरा हम कूड़ेदान में ही डालें ताकि नालियाँ जाम न हो जाएँ।