स्पर्श 10 हिंदी


कारतूस

हबीब तनवीर

NCERT Exercise

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर एक दो पंक्तियों में दीजिए:

प्रश्न 1: कर्नल कालिंज का खेमा जंगल में क्यों लगा हुआ था?

उत्तर: कर्नल कालिंज का खेमा जंगल में वजीर अली पर नजर रखने और उसे गिरफ्तार करने के लिए लगा हुआ था।

प्रश्न 2: वजीर अली से सिपाही क्यों तंग आ चुके थे?

उत्तर: वजीर अली हमेशा सिपाहियों की आँखों में धूल झोंकने में कामयाब हो जाता था। इसलिए उससे सिपाही तंग आ चुके थे।

प्रश्न 3: कर्नल ने सवार पर नजर रखने के लिए क्यों कहा?

उत्तर: कर्नल को यह आशंका थी कि कहीं सवार कोई गड़बड़ न कर दे। इसलिए उसने सवार पर नजर रखने के लिए कहा।

प्रश्न 4: सवार ने क्यों कहा कि वजीर अली की गिरफ्तारी बहुत मुश्किल है?

उत्तर: सवार ने कहा कि वजीर अली एक जाँबाज सिपाही है, इसलिए उसे पकड़ना बहुत मुश्किल है।

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर २५ – ३० शब्दों में लिखिए:

प्रश्न 5: वजीर अली के अफसाने सुनकर कर्नल को रॉबिनहुड की याद क्यों आ जाती थी?

उत्तर: वजीर अली के दिल में अंग्रेजों के लिए बहुत नफरत थी। वह अवध से अंग्रेजों को उखाड़ फेंकने में लगभग कामयाब हो गया था। इसलिए उसके अफसाने सुनकर कर्नल को रॉबिनहुड की याद आ जाती थी।

प्रश्न 6: सआदत अली कौन था? उसने वजीर अली की पैदाइश को अपनी मौत क्यों समझा?

उत्तर: सआदत अली आसिफउद्दौला का भाई था, लेकिन अपने भाई का दुश्मन भी था। आसिफउद्दौला का कोई वारिस नहीं होता तो सआदत अली गद्दी पर बैठ सकता था। लेकिन वजीर अली के जन्म लेने से उसकी इस उम्मीद पर पानी फिर गया था। इसलिए वजीर अली की पैदाइश को वह अपनी मौत समझ रहा था।

प्रश्न 7: सआदत अली को अवध के तख्त पर बिठाने के पीछे कर्नल का क्या मकसद था?

उत्तर: सआदत अली आराम से अंग्रेजों के हाथ की कठपुतली बन गया था। वह एक तय वजीफे के बदले में अपनी जायदाद अंग्रेजों को सौंप चुका था। इसलिए कर्नल ने उसे अवध के तख्त पर बिठाया था।

प्रश्न 8: कंपनी के वकील का कत्ल करने के बाद वजीर अली ने अपनी हिफाजत कैसे की?

उत्तर: कंपनी के वकील का कत्ल करने के बाद वजीर अली आजमगढ़ की तरफ भागा। वहाँ आजमगढ़ के शासकों ने उसे घाघरा तक भागने में मदद की। फिर वह पास के जंगलों में छुप गया। इस तरह वजीर अली ने अपनी हिफाजत की।

प्रश्न 9: सवार के जाने के बाद कर्नल क्यों हक्का बक्का रह गया?

उत्तर: वह सवार बड़ी ही निडरता से कर्नल के पास आया और कारतूस मांग कर चला गया। जाते-जाते जब उसने अपना परिचय वजीर अली के रूप में दिया तो कर्नल को उसके दुस्साहस पर ताज्जुब हुआ। इसलिए कर्नल हक्का बक्का रह गया।

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर ५० – ६० शब्दों में लिखिए:

प्रश्न 10: लेफ़्टीनेंट को ऐसा क्यों लगा कि कंपनी के खिलाफ सारे हिंदुस्तान में एक लहर दौड़ गई है?

उत्तर: कर्नल ने लेफ़्टीनेंट को बताया कि किस तरह से विभिन्न प्रांतों के नवाबों ने अफगानिस्तान के शासक को अंग्रेजों पर हमला करने के लिए निमंत्रण दिया था। इससे पता चला कि भारत के एक बड़े हिस्से में अंग्रेजों के खिलाफ भावना भड़की हुई थी। इसलिए लेफ्टीनेंट को ऐसा लगा कि कंपनी के खिलाफ सारे हिंदुस्तान में एक लहर दौड़ गई है।

प्रश्न 11: वजीर अली ने कंपनी के वकील का कत्ल क्यों किया?

उत्तर: वजीर अली को बनारस पहुँचाने के बाद अंग्रेजों ने उसे तीन लाख रुपए सालाना वजिफा देना शुरु किया। बीच बीच में गवर्नर जनरल उसे कलकत्ता बुलाया करता था। इससे वजीर अली नाराज था। उसने यह शिकायत कंपनी के वकील से की तो कंपनी के वकील ने उसे बुरा भला कहा। इसी बात पर उसने कंपनी के वकील का कतल कर दिया।

प्रश्न 12: सवार ने कर्नल से कारतूस कैसे हासिल किए?

उत्तर: सवार बड़े आराम से कर्नल के पास गया। फिर उसने कर्नल से वहाँ छावनी लगाने का कारण पूछा। फिर उसने बताया कि उसे वजीर अली को गिरफ्तार करने के लिए कारतूस चाहिए। इस तरह सवार ने कर्नल से कारतूस हासिल कर लिए।

प्रश्न 13: वजीर अली एक जाँबाज सिपाही था, कैसे? स्पष्ट कीजिए।

उत्तर: वजीर अली के साथ मुट्ठी भर लोग ही थे। फिर भी वह अंग्रेजों को कड़ी टक्कर दे रहा था। हद तो तब हो गई जब वह अकेला जाकर कर्नल से कारतूस भी ले आया। इससे पता चलता है कि वजीर अली एक जाँबाज सिपाही था।

निम्नलिखित के आशय स्पष्ट कीजिए:

प्रश्न 1: मुट्ठीभर आदमी और ये दमखम।

उत्तर: कर्नल कई सालों से अपनी पूरी फौज लिए वजीर अली का पीछा कर रहा था। फिर भी वजीर अली उसके हाथ नहीं आ रहा था। इसलिए कर्नल ने कहा, ‘मुट्ठीभर आदमी और ये दमखम।‘ वह एक तरह से वजीर अली की बहादुरी से बहुत प्रभावित था।

प्रश्न 2: गर्द तो ऐसे उड़ रही है जैसे कि पूरा एक काफिला चला आ रहा हो मगर मुझे तो एक ही सवार नजर आता है।

उत्तर: सिपाही ने जब बहुत ज्यादा धूल उड़ते देखा तो उसे लगा की कोई बड़ी फौज आ रही होगी। लेकिन गौर से देखने पर पता चला कि एक अकेला सवार आ रहा था। सवार का घोड़ा तेजी से टाप भर रहा था इसलिए अत्यधिक धूल उड़ा रहा था।